बिहार बंद के दौरान जगह जगह आंदोलनकारियों ने सड़क जाम की

national

नागरिकता संशोधन कानून एवं राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के विरोध में राष्‍ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने शनिवार को बिहार बंद किया है। सुबह से ही बंद का असर दिखने लगा है। महागठबंधन के सहयोगी दलों एवं वाम दलों ने भी आरजेडी के बंद का समर्थन किया है। बंद के दौरान उपद्रव की आशंका को देखते हुए प्रशासन की ओर से भी पूरी तैयारी की गई है।

इसके पहले बंद की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को आरजेडी की ओर से राजधानी पटना समेत सभी जिलों, प्रखंडों एवं कस्बों में मशाल जुलूस निकाले गये। बंद को लेकर आरजेडी नेता व बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव ने प्रशासन को चेतावनी दी थी कि अगर उसने आरजेडी समर्थकों को नुकसान पहुंचाया तो अंजाम बुरा होगा। लेकिन बंद के दौरान आरजेडी कार्यकर्ता ही जगह-जगह हिंसा पर उतर आए हैं।

12.20 बजे: पटना के कारगिल चौक पर धारा 144 लागू, लेकिन नहीं माने प्रदर्शनकारी। जलूस में केंद्र व राज्‍य सरकारों के खिलाफ नारेबाजी। लगे लालू यादव जिंदाबाद के नारे।

एम्बेडेड वीडियो
12.14 बजे: शिवहर में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में सड़क पर उतरे आरजेडी व कांग्रेस समर्थक। जीरोमाइल चौक पर आगजनी कर की नारेबाजी।

12.05 बजे: सीतामढ़ी में बंद समर्थकों का गली-मोहल्लों में उत्पात, नर्सिंग होम में भर्ती मरीजों तक को खदेड़ा।

12.00 बजे: सीतामढ़ी के डुमरा रोड नाहर चौक पर टायर जलाकर प्रदर्शन। सीतामढ़ी के मेहसौल ओपी क्षेत्र में रेलवे फाटक पर टायर जलाकर किया विरोध-प्रदर्शन।

-11.55 बजे: मुंगेर रेलवे स्टेशन पर विधायक विजय कुमार विजय के नेतृत्‍व में रोकी ट्रेन। मुंगेर के जमालपुर के जुबली वेल चौक को आरजेडी ने किया जाम।

-11.50 बजे: कैमूर के दुर्गावती में बंद समर्थकों ने किया एनएच जाम। अरारिया।एनएच 57 पर टायर जलाकर किया प्रदर्शन।

– 11.45 बजे: पटना के डाक बंगला चौराहा पर समर्थकों के साथ उपेंद्र कुशवाहा, कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा, समाजवादी पार्टी के नेताओं सहित अन्य लोग पहुंचे। ढोल-नगाड़े के साथ नरेंद्र मोदी और एनआरसी  के खिलाफ नारेबाजी।

-11.40 बजे: केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान के दामाद साधु पासवान बिहार बंद के समर्थन में पटना के डाक बंगला चौराहा पर ढ़ोल बजाते दिखे। बोले: केंद्र में काला कानून की सरकार, नरेंद्र मोदी की सरकार को उखाड़ फेकेंगे।

-11.35 बजे: पटना के डाक बंगला चौराहा पर आंदोलन का असर गहराया। आरजेडी सहित विभिन्‍न समर्थक दलों के नेता पहुंचे।

-11.35 बजे: बिहारशरीफ में बंद के दौरान आंदोलनकारियों ने बच्‍चों व महिलाओं को आगे कर दिया। वहां पुरानी रांची रोड में बच्चों और महिलाओं को आगे कर प्रदर्शन।

-11.30 बजे: पटना के आयकर गोलंबर पर बंद समर्थकों ने एसएसपी की गाड़ी रोक दी। पुलिस ने काफी मशक्‍कत के बाद एसएसपी गरिमा मलिक को वहां से निकाला।

-11.20 बजे: नालंदा के चंडी बस व टेम्पो स्टैंड के पास घोड़ा लेकर जाम करने पहुंचे आरजेडी कार्यकर्ता।

-11.10 बजे: नवादा के रजौली बस स्टैंड के समीप पुलिस-पब्लिक के बीच हिंसक झड़प। पथराव के बाद पुलिस ने चलाई लाठियां, माहौल तनावपूर्ण। इसके पहले शुक्रवार को भी बिना अनुमति जुलूस निकालने के बाद हुई थी झड़प।

– 11.00: जहानाबाद में बंद समर्थकों की गुंडागदी।

– 10.55: शेखपुरा में बंद का अलग ही नजारा। आरजेडी तथा सहयोगी दल निाकल रहे मार्च। पेट्रोलिंग कर रहे पुलिसकर्मियों तथा दुकान खुला रखने वालों को भेंट किए गुलाब।

– 10.50:  पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के कुर्जी मोड़ पर अावागमन रोका। 90 फीट बाइपास को भी किया जाम।

– 10.45:  पूरे बिहार में जगह-जगह उत्‍पात पर उतरे बंद समर्थक।

– 10.40: पटना बस स्‍टैंड में आगजनी। मूक दर्शक बनी पुलिस। आम लोग परेशान।

– 10.30: पटना में बंद के दौरान हिंसा। बस स्‍टैंड के पास गाडि़यों में तोड़फोड़। पुलिस बैरिकेडिंग को भी डंडों से तोड़ा।

– 10.22: जहानाबाद में जन-शताब्‍दी एक्‍सप्रेस को रोका।

– 10.15 बजे: भागलपुर में हिंसक होता दिखा बंद। सड़क पर लाठी भांजते दिखे आरजेडी कार्यकर्ता। बंद समर्थकों व दुकानदारों के बीच झड़प। व्‍यवसायी बोले- गुंउई कर रहे आरजेडी कार्यकता, जबरन करा रहे बंद।

– 10.00 बजे: बिहारशरीफ स्टेशन पर रोकी श्रमजीवी एक्सप्रेस। सहरसा में सिमरी बख्तियारपुर-समस्तीपुर पैसेंजर ट्रेन को सिमरी रेलवे स्टेशन पर रोका। बांका में भी रोकी ट्रेन।

– 09.58 बजे: सीतामढ़ी के जनकपुर रोड स्टेशन पर आरजेडी विधायक अबू दोजाना के नेतृत्‍व में मुजफ्फरपुर को जाने वाली 75207 सवारी गाड़ी को प्रदर्शनकारियों ने रोका। आरजेडी कार्यकर्ताओं ने सीतामढ़ी स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर किया प्रदर्शन।

– 09.55 बजे: सीतामढ़ी के यादव चौक पर आरजेडी का प्रदर्शन। सड़क जाम। मधुबनी के दौरान फुलपरास में लोहिया चौक पर एनएच- 57 को किया जाम।

– 09.52 बजे: बिहार बंद के दौरान समस्तीपुर में ओवरब्रिज जाम कर आरजेडी ने किया प्रदर्शन। भागलपुर के कहलगांव में भी सड़क जाम।

– 09.50 बजे: मोतिहारी में बिहार बंद के दौरान छतौनी चौक पर ढाका विधायक फैसल रहमान व हरसिद्धि के राजेंद्र राम के साथ आरजेडी कार्यकर्ताओं ने किया एनएच जाम।

– 09.48 बजे: सीतामढ़ी में ठंड की वजह से बंद समर्थक देर से सड़क पर उतरे। सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन पर सन्नाटा।

– 09.45 बजे: पटना के डाक बंगला चौराहा पर भी प्रदर्शन। आवागमन बाधित। वहां लालू के अंदाज में बग्‍घी से पहुंचे आरजेडी कार्यकर्ता।

– 09.40 बजे: नवादा में पटना-रांची रोड घंटों से जाम। छपरा में भी छपरा-पटना तथा छपरा-मुजफ्फरपुर रोड जाम।

– 09.33 बजे: लखीसराय में आरजेडी व कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। सूर्यगढ़ा के विधायक प्रहलाद यादव की अगुवाई में आरजेडी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शहीद द्वार के पास रोड जाम कर दिया है।

– 09.30 बजे: खगड़िया के राजेंद्र चौक पर बिहार बंद के दौरान आरजेडी का प्रदर्शन। प्रदर्शन में स्वराज इंडिया व वीआइपी के नेता भी शामिल।

– 09.25 बजे: बक्सर में युवा आरजेडी के कार्यकर्ताओं ने श्रमजीवी एक्सप्रेस को रोक दिया।

– 09.18 बजे: बेगूसराय के बलिया में एनएच जाम। पटना में भी पुरानी बाईपास रोड  जाम।

– 09.05 बजे: दरभंगा के गंज चौक पर आरजेडी कार्यकर्ताओं ने शर्ट उतारकर किया प्रदर्शन। दरभंगा-कुशेश्वरस्थान मुख्य पथ को जाम कर दिया।

– 09.00 बजे: धीरे-धीरे गरमाता जा रहा बंद का माहौल। पटना के एतवारपुर में आगजनी तो कुम्हरार में रेलवे ट्रैक को किया जाम।

– 08.54 बजे: नवादा में बिहार बंद को लेकर सड़क पर उतरे आरजेडी नेता व कार्यकर्ता।

– 08.50 बजे: पटना के मीठापुर बस स्‍टैंड पर आजगनी। बसें रोकीं। दूर-दूर से पहुंचे यात्रियों को हो रही परेशानी। पुलिस बनी मूक दर्शक।

– 08.55 बजे: पटना के कारगिल चौक पर धारा 144 लागू, किसी अनहोनी से निबटने के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्‍पताल, नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्‍पताल तथा इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्‍थान अलर्ट मोड में।

– 08.40 बजे: वैशाली के गोरौल में एनएच 77 जाम। बाढ़ में एनएच 31 जाम।

एम्बेडेड वीडियो

– 08.20 बजे: जहानाबाद मे अरवल मोड पर सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारी। जहानाबाद मे विधायक सुदय यादव के नेतृत्व मे आरजेडी का प्रदर्शन।

– 08.15 बजे: पटना में बाइपास पर सड़क जाम।

– 08.10 बजे: सुपौल जाने के दौरान आरजेडी के बंद के कारण जाम में फंसे पप्‍पू यादव। बोले: यह आरजेडी के अहंकार का बंद, विपक्ष का बंद तो 19 दिसंबर को ही था। पप्‍पू यादव बोले- बंद से जनता को परेशानी हो रही है।

 – 08.00 बजे: अररिया के फॉरबिसगंज स्‍टेशन पर जोगबनी-कटिहार पैसेंजर ट्रेन रोकी।

– 08.00 बजे: भोजपुर में आरा-मोहनिया सड़क जाम।

– 07.50 बजे: हाजीपुर में रामाशीष चौक जाम, भगवानपुर चौक पर आगजनी।

– 07.50 बजे: वैशाली में एनएच 77 जाम, हाजीपुर-मुजफ्फरपुर सड़क मार्ग पर आवागमन बाधित।

– 07.30 बजे: हाजीपुर के रामाशीष चौक पर सड़कों पर आरजेडी कार्यकर्ता। मवेशियों के साथ किया सड़क जाम।

– 07.00 बजे: सुबह से ही आरजेडी कार्यकर्ता सड़कों पर। जगह-जगह करा रहे सड़क जाम।

तेजस्वी ने कहा था, शांतिपूर्ण प्रदर्शन होगा

तेजस्वी यादव ने खुद को गांधीवादी बताते हुए बंद के शांतिपूर्ण रहने का दावा किया था। उन्‍होंने प्रशासन को चेताया था कि उन्‍हें शांतिपूर्ण विरोध करना है, फिर भी पुलिस ने अगर बल प्रयोग किया या आरजेडी समर्थकों को नुकसान पहुंचाया तो अंजाम बुरा होगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने का सबको अधिकार है। सत्ता में बैठे लोगों को तय करना है कि वे कैसे प्रबंध करते हैं। तेजस्वी ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून असंवैधानिक और मानवता के खिलाफ है। इसने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी के विभाजनकारी चरित्र को उजागर किया है। लेकिन बंद के दौरान जगह-जगह उत्‍पात व हिंसा ने उनके दावे को खोखला साबित किया है।

मशाल जुलूस में शामिल हुए वरिष्ठ नेता

इसके पहले बंद की पूर्व संध्‍या पटना में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में मशाल जुलूस और पैदल मार्च निकाला गया। इसमें आरजेडी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, शिवानंद तिवारी, अब्दुल बारी सिद्दीकी, चितरंजन गगन, कांति सिंह, शिवचंद्र राम, देवमुनी यादव एवं कारी सोहैब समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं विधायक शामिल थे। जुलूस राजद के प्रदेश कार्यालय से निकलकर आयकर चौराहा, डाकबंगला चौराहा, स्टेशन होते हुए जीपीओ गोलंबर के पास समाप्त हुआ। वहां सभा को संबोधित करते हुए डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह ने लोगों से बंद को समर्थन और सहयोग देने की अपील की।

बंद के दायरे में सभी सामान्य संस्थान

सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान, शिक्षण संस्थान, सिनेमा हॉल, पेट्रोल पंप, सिटी बसें, टेंपो, ऑटो, बड़े वाहन, निजी गाडिय़ां आदि।

बंद से आपातकालीन सेवाएं मुक्त

दवा दुकानें, अस्पताल, जांच घर, एंबुलेंस, शवों एवं मरीजों के वाहन एवं अन्य प्रमुख आपातकालीन सेवाएं आदि।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *