उत्तर प्रदेश सरकार आज से 35 करोड़ पौधारोपण अभियान का शुभारंभ, राज्यपाल लखनऊ में तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चित्रकूट में पौधारोपण करेंगे

national

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के पर्यावरण संरक्षण के प्रति बेहद गंभीर योगी आदित्यनाथ सरकार मंगलवार यानी आज से 35 करोड़ पौधारोपण का अभियान प्रारंभ कर रही है। इसके तहत पहले ही दिन 75 जिलों में 25 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल लखनऊ के कुकरैल वन रेंज में पौधा रोपेंगी तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चित्रकूट में पौधा लगाएंगे। आज पहले दिन 25 करोड़ पौधारोपण के लिए सांसद तथा मंत्रियों को जिलों का आवंटन किया गया है।

प्रदेश सरकार ने हरियाली बढ़ाने के लिए इस मानसून सीजन में 35 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य रखा है। इसकी शुरुआत मंगलवार से हो रही है। पहले दिन 25 करोड़ पौधे रोपे जाएंगे। राज्यपाल आनंदीबेन लखनऊ में व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चित्रकूट में पौधारोपण करेंगे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अयोध्या व ब्रजेश पाठक प्रयागराज में पौधा रोपेंगे। सरकार ने पौधारोपण के लिए सभी 75 जिलों को मंत्रियों व सांसदों को आवंटित कर दिया है। पौधारोपण अभियान की निगरानी के लिए 50 जिलों में मंत्री व 25 जिलों में सांसद लगाए गए हैं। सभी 75 जिलों में अफसरों को नोडल अधिकारी बनाकर भेजा गया है।

35 करोड़ पौधारोपण जन आंदोलन के तहत मंगलवार को 25 करोड़ पौधारोपण के बाद छह व सात जुलाई को ढाई-ढाई करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। इसके बाद 15 अगस्त को आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर अमृत वनों की स्थापना की जाएगी। इस दिन पांच करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। अभियान के दौरान नगर वन, खाद्य वन, शक्ति वन, बाल एवं युवा वन, गंगा वन, स्मृति वाटिका, नक्षत्र वाटिका एवं पंचवटी वाटिका की भी स्थापना की जाएगी। इस बार प्रदेश के अलग-अलग जिलों में चिह्नित 29 प्रजाति के 943 विरासत वृक्षों को केंद्र में रखकर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। धारोपण में राष्ट्रीय वृक्ष बरगद के साथ पीपल, पाकड़ नीम, बेल, आंवला, आम, कटहल और सहजन जैसे औषधीय पौधों को भी वरीयता दी जा रही है।

वन विभाग मुख्यालय में पौधारोपण अभियान की आनलाइन निगरानी की जाएगी। कमांड सेंटर इसके लिए पूरी तरह तैयार हो गया है। जैसे-जैसे पौधे रोपे जाएंगे उनकी प्रगति आनलाइन इस ल‍िंंक https://pmsupfd.in/plantingprogress.html पर देखी जा सकेगी। 35 करोड़ पौधारोपण अभियान की मिशन निदेशक ईवा शर्मा ने बताया कि मंगलवार के अभियान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। शाम पांच बजे से पहले 25 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि 50 जिलों में सरकार के मंत्री व 25 जिलों में सांसद लगाए गए हैं। यह सभी अपने-अपने आवंटित जिलों में पौधारोपण करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *