खाई में गिरी आल्टो कार, दो लोगों की मौत; एक घायल

उत्तराखण्ड

बागेश्वर: कपकोट क्षेत्र में एक आल्टो कार के खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

जिले के दूरस्थ क्षेत्र में बुधवार की रात नौ बजे के करीब हादसा हुआ। भजन सिंह (30 साल) पुत्र राम सिंह निवासी सोराग कपकोट देर शाम अपने आल्टो वाहन से घर पहुंचा। घर पहुंचने के बाद आल्टो कार वाहन (यूके 06 जी 7781) को बैक करने के लिए वह लेकर निकला। उसी समय गांव का ही दयाल सिंह (30 साल) पुत्र जोहार सिंह भी कार में आकर बैठ गया। करीब 100 मीटर आगे जाने पर गांव का ही महिपाल सिंह (35 वर्ष) पुत्र रतन सिंह भी कार में बैठ गया।

तीनों घर से पांच सौ मीटर दूर ही पहुंचे थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। जिसके बाद आस-पास मौजूद लोगों ने राहत व बचाव कार्य शुरू किया। खाई में उतरने के बाद दयाल सिंह व भजन सिंह के सिर में गंभीर चोट थी और तेजी से खून बह रहा था। वही महिपाल सिंह को शरीर में चोट आई थी।

पुलिस को सूचना देने के बाद तीनों को सीएचसी कपकोट ले जाया गया, जहां दयाल व भजन सिंह को मृत घोषित कर दिया गया। महिपाल सिंह को इलाज के लिए भर्ती कर लिया गया। चिकित्सकों का कहना है कि घायल युवक की स्थिति बेहतर है। वहीं सीओ कपकोट महेश चंद्र जोशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *