उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 30 सितंबर को मेरठ मंडल के छह जनपदों में 13.53 करोड़ की 65 परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास

national

मेरठ, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व लोक निर्माण विभाग के मंत्री केशव प्रसाद मौर्य 30 सितंबर गुरुवार को मेरठ आएंगे। इस दौरान वह मेरठ मंडल में लोक निर्माण विभाग की 78 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। मेरठ के अफसरों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा इनदिनों चुनावी मोड में आ चुकी है। पार्टी ने विस चुनाव के मद्देनजर अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है।

65 परियोजनाओं का शिलान्यास

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मेरठ मंडल के छह जनपदों में 13.53 करोड़ की 65 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। साथ ही 10.57 करोड़ की 13 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। इसमें मेरठ जिले की 2.77 करोड़ की लागत से 12 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

लोक निर्माण विभाग अलर्ट

शासन से कार्यक्रम जारी होते ही लोक निर्माण विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। सर्किट हाउस में शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित होगा। डिप्टी सीएम के आगमन कार्यक्रम का पत्र मिलते ही मेरठ जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।

चुनावी मोड में भारतीय जनता पार्टी

वहीं दूसरी ओर 2022 में होने वाले प्रदेश के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा भी अलर्ट मोड में आ गई है। पश्चिमी उप्र के चुनाव प्रभारी एवं करनाल के सांसद संजीव भाटिया, प्रदेश सह-संगठन महामंत्री कर्मवीर, क्षेत्रीय प्रभारी जेपीएस राठौड़ एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कार्यकर्ताओं के सामने सौ दिनों के कार्यक्रम की रूपरेखा पेश की।

कार्यक्रम का होमवर्क

क्षेत्रीय टीम से लेकर सभी 14 जिलों की महानगर एवं जिला टीमों के साथ बैठक कर उन्हें दो अक्टूबर से 10 जनवरी 2022 तक कार्यक्रम का होमवर्क दे दिया है। दूसरी ओर क्षेत्रीय प्रभारी जेपीएस राठौड़ ने कहा कि पार्टी पूरी तरह चुनावी मोड में है। बूथ प्रबंधन पार्टी की जीत का आधार रखेगी। संगठन आधारित पार्टी होने के कारण कार्यकर्ताओं का दायित्व ज्यादा है। इसी के साथ कार्यकर्ताओं से भी चुनावी अभियान में जुट जाने के लिए बोला गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *