लखनऊ में श्रद्धांजलि सभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ सीएम योगी के साथ आरएसएस के भी बड़े पदाधिकारी शिरकत कर उनको नमन करेंगे

national

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह की याद में भारतीय जनता पार्टी संगठन उत्तर प्रदेश में मंगलवार को अपने सभी 1918 मंडलों में श्रद्धांजलि सभा आयोजित करेगी। लखनऊ में श्रद्धांजलि सभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा के साथ आरएसएस के भी बड़े पदाधिकारी शिरकत कर उनको नमन करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश मंगलवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की याद में अपने संगठनात्मक 1918 मंडलों में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन करेगी। लखनऊ में मुख्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। लखनऊ में कार्यक्रम सिटी मांटेसरी स्कूल, गोमती नगर विस्तार के सभागार में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह शामिल होंगे। इनके अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डा. कृष्ण गोपाल, भाजपा प्रदेश प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल मौजूद रहेंगे। कल्याण सिंह का बीती 21 अगस्त को लखनऊ के पीजीआई में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कल्याण सिंह गांव, गरीब तथा किसानों के नेता थे। बाबू जी सदैव पं. दीनदयाल उपाध्याय के प्रशस्त अंत्योदय पथ के अनुगामी रहे। वह जन नेता थे। उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ ही विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों व सार्वजनिक जीवन में गांव, गरीब, किसान, दलित, पिछड़ों सहित सभी वर्गों के लिए काम किया और उनसे सदैव जुड़े भी रहे। पार्टी के कार्यकर्ता, नेता, पदाधिकारियों के साथ ही आम जनमानस भी बाबूजी के निधन जाने से दुखी है। इसी कारण इस मंडलीय श्रद्धांजलि सभा कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी, नेता, जनप्रतिनिधि, मंत्री, कार्यकर्ता के साथ ही आम जनमानस की सहभागिता भी होगी।

एक को कल्याण सिंह के त्रयोदशी संस्कार में अलीगढ़ में जुटेंगे दिग्गज

पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह का त्रयोदशी संस्कार अलीगढ़ के अतरौली में एक सितंबर को होना है। इसके लिए प्रशासन ने भी तैयारी शुरू कर दी है। इस कार्यक्रम स्थल को पांच जोन व 12 सेक्टरों में बांटा गया है। कुल 39 मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश व उत्तराखंड के मुख्यमंत्री व उत्तराखंड और राजस्थान के राज्यपाल के आने की संभावना है। केन्द्र तथा प्रदेश सरकार के कई भी आ सकते हैं। त्रयोदशी के भोज में 30 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *